0
सत्य घटना पर आधारित बॉलीवुड फिल्म 'नीरजा' इस साल की अब तक प्रदर्शित फिल्मों में बेहतरीन फिल्म है। फिल्म की कहानी  चंडीगढ़ की साहसी युवती नीरजा भनोट की है जिसने 23 साल की उम्र में असाधारण काम कर दिखाया था।

नीरजा ने अपनी सूझबूझ से 5 सितंबर 1986 को हाईजैक हुई पैन एम फ्लाइट 73 में सवार 359 यात्रियों की जान बचाई थी और वह अब तक एकमात्र ऐसी असैनिक हैं जिन्हें अशोक चक्र पुरस्कार दिया गया। यही नहीं नीरजा के योगदान को पाकिस्तान ने भी सराहते हुए उन्हें तमगा-ए-इंसानियत पुरस्कार दिया था।
चंडीगढ़ की रहने वाली नीरजा भनोट (सोनम कपूर) आम जिंदगी में एक मॉडल बनना चाहती है और उसके काफी बड़े बड़े सपने हैं। वह अपनी मां रमा भनोट (शबाना आजमी) और पिता (योगेंद्र टिकू) के साथ रहती है। वह एअर होस्टेस है और अपने काम के चलते कराची में पहुंची हुई है जहां से एक दिन आतंकवादियों द्वारा विमान का अपहरण कर लिया जाता है। नीरजा चूंकि आतंकवादियों की हरकतों को पहले ही देख कर अंदाजा लगा चुकी थी कि कुछ गलत हो सकता है इसलिए वह अपनी योजना के अनुसार काम शुरू कर देती है। सबसे पहले वह अमेरिकी नागरिक का पासपोर्ट ले लेती है। वह पहले क्रू स्टाफ को विमान से बाहर निकालती है और उसके बाद एक एक करके यात्रियों को निकालना शुरू करती है। जब लगभग सब यात्री बाहर निकल चुके होते हैं और कुछ बच्चे ही फंसे होते हैं तो उनको निकालने के दौरान नीरजा आतंकवादियों की गोलियों का शिकार हो जाती है।
अभिनय के मामले में कहा जा सकता है कि यह सोनम की अब तक की बेहतरीन अदाकारी है। उन्हें इस भूमिका के लिए लंबे समय तक याद किया जायेगा। जब यह रोल उन्हें ऑफर हुआ तो कई लोगों को शंका थी कि सोनम इस किरदार के साथ न्याय कर भी पाएंगी या नहीं लेकिन उन्होंने शानदार काम किया है। नीरजा की मां के रोल में शबाना आजमी ने जान डाल दी है। वह जब जब पर्दे पर आईं दर्शकों को रुला गईं। कमाल का अभिनय किया है शबाना आजमी ने। अन्य सभी कलाकारों का काम भी दर्शकों को पसंद आएगा। फिल्म का गीत संगीत ठीकठाक है और पार्श्व संगीत भाता है। निर्देशक राम माधवानी ने कहानी पर पूरी पकड़ बनाए रखी है और फिल्म की गति पर विशेष ध्यान दिया है। एक उम्दा फिल्म बनाने के लिए वह बधाई के पात्र हैं।
कलाकार- सोनम कपूर, शबाना आजमी, योगेंद्र टिकू।
गीत- प्रसून जोशी।
संगीत- विशाल खुराना।
निर्माता- अतुल कास्बेकर, अनूप कुमार।

निर्देशक- राम माधवानी।

Post a Comment

 
Top